-बनी-ढग्गर, बनी-दौला, बनी-लोआंग, बनी-बसोहली, बनी-भंडार और बनी-सरथली मार्ग भी हुए ठप
-रात के समय सफर न करने की हिदायत
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। भारी बारिश के बीच बनी सब डिवीजन का संपर्क जिला मुख्यालय से कट गया है। शुक्रवार सुबह बनी बसोहली मार्ग पर पहले सूखा नाला और फिर इसके बाद बैकन के नजदीक पस्सियां गिरने से यातायात ठप होकर रह गया।
उधर, बनी-ढग्गर, बनी-दौला, बनी-भंडार, बनी-रौल्का और बनी-सरथली मार्ग भी ठप हो गए। दौला-सरथली मार्ग को शाम तक बहाल कर दिया गया जबकि अन्य मार्ग को बहाल करने का प्रयास जारी रहा। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से रात के समय सफर न करने की हिदायत जारी की है।
बनी सब डिवीजन के दूर दराज इलाकों में हिमपात के बाद तेज बारिश दर्ज की गई। दूर दराज पहाड़ों पर भारी बारिश से बरसाती नाले उफान पर आ गए। कई महीनों से सूखे पड़े पहाड़ दरकने शुरू हुए तो पस्सियों ने सड़क संपर्क भंग कर दिए। नलूंड,छिरोड़ी समेत अन्य जगह पर पस्सियां गिरने से बनी से ढग्गर के बीच यातायात ठप हो गया। उधर, बनी बसोहली के बीच एक दर्जन से अधिक स्थानाें पर पस्सियां गिरीं। बैकन के पास पूरा का पूरा पहाड़ दरककर सड़क के बीच आ गया।
बीआरओ की ओर से मौसम साफ होने क साथ ही यातायात को बहाल करने के लिए प्रयास जारी किए गए। तहसीलदार बनी प्रदुयुमन अत्री ने बताया कि कुछ संपर्क मार्ग बहाल कर दिए गए हैं। बनी-बसोहली मार्ग और बनी-डुग्गन मार्ग को बहाल करने में टीमें जुटी हुई हैं। बताया कि सूखे नाले से लेेकर बनी के बीच कई जगह पस्सियां गिरी हैं जिन्हें शनिवार सुबह तक हटाने के निर्देश दिए गए हैं। बनी भंडार मार्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है जिसे खोलने में कुछ दिन लग सकते हैं।
बताया कि स्टाफ को नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए हैं फिलहाल रौल्का में दीप राज के मकान को आंशिक नुकसान की जानकारी आई है जिसकी सुरक्षा दीवार टूटने से ऐसा हुआ है। इलाके में स्थिति पर नजर रखी जा रही है।