- एक महिला घायल, 8 बकरियां मरीं, कार क्षतिग्रस्त
- एक दर्जन घरों को आंशिक नुकसान, सड़क यातायात भी हुए प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ/बनी/बिलावर। जिले में शुक्रवार देर रात आई तेज आंधी और बारिश ने कई इलाकों में भारी तबाही मचाई। विशेष रूप से बनी सब डिवीजन में एक दर्जन से अधिक रिहायशी मकानों की छतें तेज हवाओं में उड़ गईं। तेज गति से उड़ती टिन की चपेट में आने से कांथल पंचायत की आशा देवी घायल हो गईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी कठुआ रेफर किया गया।
तेज हवाओं और बारिश से कई इलाकों में पेड़ गिरने से यातायात आंशिक रूप से बाधित रहा। ढग्गर पुल के पास एक कार पर पेड़ गिरने से वाहन क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं लोआंग गांव में पेड़ गिरने से कुलदीप और मोती राम की आठ बकरियों की मौत हो गई, जिससे उन्हें भारी नुकसान हुआ।
बिजली ढांचे को भी भारी क्षतितूफान के कारण बिजली के तार और खंभे टूट गए, जिससे बांजल, खद्दर, बनी और लोहाई मल्हार जैसे इलाकों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। कार्यकारी अभियंता सुरेंद्र कुमार ने बताया कि तूफान से कई जगह बिजली के तारों और पोलों को नुकसान पहुंचा है। प्रभावित क्षेत्रों में बिजली बहाली के प्रयास तुरंत शुरू कर दिए गए, लेकिन कई स्थानों पर शाम तक बिजली बहाल नहीं हो सकी।
-
वेल्डिंग शेड व सड़कें भी क्षतिग्रस्त
बनी कस्बे में गणेश शर्मा का वेल्डिंग शेड तेज तूफान से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, त्रिंबली से ध्यौता को जोड़ने वाली सड़क पर एक विशाल चीड़ का पेड़ गिरने से चार घंटे यातायात अवरुद्ध रहा। हालांकि स्थानीय लोगों ने पेड़ को काटकर सड़क को दोपहर बाद साफ कर यातायात बहाल कर दिया। तहसीलदार लोहाई मल्हार ने बताया कि क्षेत्र में नुकसान का सर्वेक्षण किया जा रहा है और प्रभावित परिवारों को राहत प्रदान करने की दिशा में प्रशासन तेजी से कार्य कर रहा है।
-
तापमान में 5 डिग्री की गिरावट
तेज बारिश के चलते जिले के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। कठुआ के मैदानी इलाकों में जहां 58 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं, वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में इसका प्रभाव और अधिक रहा। मौसम की इस करवट से तापमान में लगभग 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी गई।
कोट
तेज हवाओं के कारण क्षेत्र में कई स्थानों पर संपत्ति को नुकसान हुआ है। एक दर्जन से अधिक मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। प्रशासन की ओर से नुकसान के आकलन का कार्य जारी है।
- संदीप कुमार, एसडीएम बनी