बसोहली में विधायक को ज्ञापन सौंपते बिजली कर्मी। संवाद
- फोटो : mathura
बसोहली में विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने विधायक को सौंपा ज्ञापन, नियमितिकरण की मांग पर डटे
कठुआ। विद्युत विभाग के अस्थायी कर्मियों ने बसोहली में हड़ताल के दौरान नियमितिकरण की मांग को लेकर विधायक ठाकुर दर्शन सिंह को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि विभाग में पहले से नियमितिकरण की नीति मौजूद है, फिर भी उन्हें ऐसे विभागों के साथ तुलना में देखा जा रहा है जहां कोई स्पष्ट नीति नहीं है।
उन्होंने इससे पहले हड़ताल को तीसरे दिन भी जारी रखते हुए प्रदर्शन किया। बिजली कर्मियों ने मौके पर पहुंचे विधायक को बताया कि विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की बैठक के सवा साल बाद भी सूची जारी नहीं की गई है। इससे कर्मचारियों में भ्रम और निराशा की स्थिति बनी हुई है। जम्मू संभाग के कुल 596 अस्थायी कर्मियों में से 97 कठुआ जिले से हैं, जिन्हें नियमितिकरण का इंतजार है। मामला वित्त विभाग की स्वीकृति पर लंबित है, हालांकि नीति पहले से निर्धारित है। फिर भी यदि प्रक्रिया के तहत वित्तीय स्वीकृति अनिवार्य मानी जा रही है, तो इसे शीघ्र प्रदान किया जाना चाहिए।
उन्होंने बताया कि जम्मू में भी अस्थायी कर्मी इसी मांग को लेकर हड़ताल पर हैं और वे सोमवार को दोबारा जम्मू जाएंगे। कर्मियों ने आर्थिक तंगी पर प्रकाश डालते हुए बताया कि अधिकांश कर्मी निर्धन परिवारों से आते हैं, जिनके लिए तीन वक्त का भोजन जुटाना भी कठिन है। विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत लाइनमैन बेहद चुनौतीपूर्ण स्थितियों में काम कर रहे हैं, जहां एक-एक व्यक्ति पर 20-20 ट्रांसफार्मर की जिम्मेदारी है। वे अपनी जान जोखिम में डालकर कार्य कर रहे हैं, परंतु किसी दुर्घटना की स्थिति में परिजनों को कोई आर्थिक सहायता नहीं मिलती। उन्होंने विधायक से आग्रह किया कि वे वित्त सचिव से सीधे संपर्क कर आवश्यक स्वीकृति दिलवाएं। इस पर विधायक ठाकुर दर्शन सिंह ने भरोसा दिलाया कि वे इस विषय को मुख्यमंत्री और उपराज्यपाल के समक्ष उठाएंगे और समाधान के लिए गंभीर प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि यह वर्ग पहले ही आर्थिक और मानसिक दबाव में है, इसलिए मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए इन्हें उनका हक दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार ने भी नियमितिकरण का वादा किया था, लेकिन दैनिक वेतनभोगियों के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि जल्द ही इन कर्मियों की समस्याओं का समाधान निकाला जाए।