संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। सोशलिस्ट सेक्युलर फेडरेशन (एसएसएफ) के सदस्यों ने रेड केटेगरी की औद्योगिक इकाईयों से निकलने वाले प्रदूषण के खिलाफ मास्क लगाकर प्रदर्शन किया। जम्मू-कश्मीर लघु उद्योग निगम लिमिटेड (सिकॉप) के दफ्तर के बाहर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और सिकॉप के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
एसएसएफ के प्रधान हरमीत सिंह ने आरोप लगाया कि औद्योगिक क्षेत्र गोविंदसर और हटली मोड़ स्थित स्थापित रेड केटेगरी औद्योगिक इकाईयों के खिलाफ अब तक तीसरा प्रदर्शन है। हम प्रशासन से लगातार मांग कर रहे हैं कि इस इलाके से रेड केटेगरी औद्योगिक इकाईयों को किसी अन्य स्थान पर स्थापित किया जाए। ताकि स्थानीय लोग को शहर में बढ़ते प्रदूषण से राहत मिल सके। उन्होंने आरोप लगाया कि सभी इकाईयों को सरकार की ओर औद्योगिक क्षेत्र में स्थापित करने के लिए जगह मिल चुकी है लेकिन फिर भी इन्हें वहां पर स्थानांतरण नहीं किया जा रहा।
आरोप लगाया कि यह इकाइयां किसकी मिलीभगत से रिहायशी इलाके में अभी तक चल रही हैं, यह प्रशासन को पता होगा। अगर जल्द प्रदूषण निकालने वाली इकाईयों का स्थानांतरण नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में हमारा प्रदर्शन और तेज होंगा। अगली बार प्रदर्शन इन इकाईयों के गेट के बाहर किया जाएगा।
वंश शर्मा का कहना है कि जिला प्रशासन एक तरफ नशे के खिलाफ अच्छा काम कर युवाओं को नई जिंदगी प्रदान कर रहा है। वहीं, इन इकाईयों से निकलने वाला प्रदूषण न केवल युवाओं को बल्कि पूरी मानव जाति को ही तबाह करने पर तुला हुआ है। लिहाजा इनको जल्द से जल्द बंद करना होगा। इस मौके पर आयुष महाजन, गुरदीप सिंह, गुरविंदर सिंह, रवि थापा, सनी मेहरा, दविंदर मन्हास, करण, खेम राज आदि प्रदर्शनकारियों में शामिल रहे।