जिले में पिछले एक सप्ताह के दौरान तेजी से बढ़ रहे डेंगू के मामलों में कमी आई है। रविवार को एक भी नया मामला नहीं मिलने से स्वास्थ्य विभाग को राहत मिली। जिले में अब तक डेंगू पॉजिटिव पाए जाने वाले मरीजों की संख्या 182 पर ही स्थिर बनी हुई है। हालांकि इसके बावजूद विभाग इसे राहत मानने को तैयार नहीं है।
डेंगू की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में मच्छररोधी दवाओं छिड़काव का अभियान रविवार को भी जारी रहा है। शहर के वार्ड नंबर 13 और 14 के अलावा बरनोटी में जागरूकता कार्यक्रम के तहत करीब 250 घरों के आसपास छिड़काव किया गया। स्वास्थ्य विभाग की मलेरिया विंग के इंस्पेक्टर लोकेश राज ने लोगों को डेंगू से बचाव के उपायों जैसे पानी जमा न होने देना, पूरी बांह के कपड़े पहनना और मच्छरदानी का प्रयोग करने की सलाह दी ।
इस बारे में जिला मलेरिया अधिकारी सोहन लाल का कहना है कि रविवार को जिले में डेंगू का कोई मामला सामने नहीं आया। लेकिन हमें सचेत रहने की जरूरत है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी तरह के बुखार की स्थिति में नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाएं ताकि जांच कर सही उपचार दिया जा सके।