कठुआ में शारदीय नवरात्र का पूजन करने के लिए मिट्टी के बर्तनों की खरीददारी करते लोग। संवाद
जिले में आई आसमानी आफत के बाद शहर के उदास बाजार में रविवार को नवरात्र की पूर्व संध्या पर पहली बार रौनक दिखी। शहर भर में पूजन की सामग्री की दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ी। लंबे समय से वीरान बाजार में ग्राहकों को देखकर दुकानदार गदगद रहे।
नवरात्र में पूजन से जुड़े सामान की खरीदारी करने पहुंचे बंसी लाल ने बताया कि सोमवार से शुरू होने वाले त्योहार के लिए वह बाजार आए है। उन्होंने कहा कि खुशी इस बात की है कि बाजार में पूजन में इस्तेमाल होने वाले सामानों का मूल्य बढ़ा नहीं है। इसके अतिरिक्त अब मौसम साफ होने के बाद कई चीजों की कीमतें कम भी हुई हैं। हालांकि फलों के दाम थोड़े अधिक रहे।
शहर के कैप्टन सुनील चौधरी चौक पर मिट्टी के बर्तन के कारोबार से जुड़े देव राज ने बताया कि गर्मी के मौसम में घड़ों की बिक्री के चलते उनका रोजगार ठीक था लेकिन बरसात शुरू होने के बाद से कारोबार बुरी तरह से प्रभावित हुआ। लेकिन नवरात्र से पहले श्रद्धालुओं की खरीदारी को देखकर कारोबारियों में उत्साह का संचार हुआ है। उम्मीद है कि दीपावली तक अब उनका रोजगार इसी तरह चलता रहेगा।
किराना दुकानदार कुलदीप गुप्ता ने बताया कि जिले में आई बाढ़ के बाद से बाजार में कारोबार पूरी तरह से ठप हो गया था। इसके कारण दुकानदारों में काफी निराशा थी। लेकिन नवरात्र के आते ही बाजार में ग्राहकों की भीड़ देखकर उन्हें खुशी हो रही है। उम्मीद है कि आने वाले त्योहारों में भी यह रौनक इसी तरह से बनी रहेगी।