उधमपुर। यूथ सर्विसिस एंड स्पोर्ट्स विभाग ने अंडर-17 वर्ष की लड़कियों के लिए लेदर बाल में मंडल स्तरीय अंतर जिला क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन सुभाष स्टेडियम में किया। प्रतियोगिता विभाग के निदेशक सुभाष चंद्र छिब्बर एवं जिला विकास आयुक्त सलोनी राय की अध्यक्षता में जिला खेल अधिकारी रोमेश चंद्र मिश्रा की निगरानी में शुरू हुई। जिसमें पहले दिन हुए दो मैचों में डोडा और उधमपुर की टीमों ने जीत हासिल की। मंगलवार को शुरुआत में जोनल फिजिकल एजूकेशन आफिसर पुष्पिंदर कौर ने प्रतिभागियों और अधिकारियों के साथ बातचीत की। उन्होंने विभाग के अधिकारियों द्वारा किए गए प्रयासों को प्रोत्साहित किया और प्रतिभागियों को समग्र विकास के लिए विभिन्न खेलों में भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया। प्रतियोगिता में जम्मू संभाग के पांच जिलों से लगभग 75 बालिकाएं प्रतिभागी भाग ले रही हैं। सभी मैचों का संचालन विभाग के तकनीकी विशेषज्ञों विनोद कुमार खजूरिया, राजकुमार शर्मा, राजेश शर्मा, राकेश खजूरिया, रमन कुमार, राकेश, सौरव पंडित, दीपक शर्मा, इशांग बंदराल और अशोक ने किया। इस अवसर पर उपस्थित अन्य लोगों में राजकुमार गुप्ता, अजीत सिंह, सोमदेव खजूरिया, अनीता गोस्वामी, राजन (प्रमुख सहायक), करुण मगोत्रा, अब्दुल कादिर और मुनाजिम आसिफ मलिक शामिल थे।
पहले दिन हुए मैच में टॉस जीतकर डोडा जिले की टीम ने 15 ओवर में 118 रनों का लक्ष्य खड़ा किया। सांबा की टीम 45 रनों पर पवेलियन लौट गई। डोडा जिले ने 73 रन से मैच जीत लिया। दूसरे मैच में जिला उधमपुर की टीम ने 15 ओवर में 165 रनों का लक्ष्य खड़ा किया। कठुआ की टीम 27 रनों पर ही आलआउट हो गई। उधमपुर ने कठुआ को 137 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरा सेमीफाइनल और फाइनल मैच बुधवार को खेला जाएगा।