कठुआ। जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में जारी पुलिस मार्टियर्स टी-20 क्रिकेट चैंपियनशिप के 12वें संस्करण का फाइनल मुकाबला मंगलवार को खेला जाएगा। इसमें इस बार भी लाखों रुपये के इनामों की बौछार होगी। यह जानकारी एसएसपी कठुआ शिवदीप जम्वाल ने दी है।
सोमवार को फाइनल मुकाबले के लिए स्पोर्ट्स स्टेडियम में जारी तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे एसएसपी ने बताया कि प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला विक्की आकाश इलेवन पठानकोट और वर्मा स्पोर्ट्स क्लब साहनेवाल के बीच होगा। इस महामुकाबले के दौरान जम्मू कश्मीर पुलिस महानिदेशक रश्मि रंजन स्वैन मुख्य अतिथि, जबकि एडीजीपी जम्मू आनंद जैन विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। वे प्रतियोगिता की विजेता टीम को 3.5 लाख रुपये नकद व पुरस्कार के साथ ट्रॉफी और उपविजेता टीम को 2.5 लाख रुपये का नकद पुरस्कार के रूप में वितरित करेंगे। प्रतियोगिता के दौरान मैन ऑफ द सीरीज खिलाड़ी को ऑल्टो कार के अलावा बेस्ट बॉलर और बेस्ट बैट्समैन को बाइक दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस बार होने वाले फाइनल के दौरान मैदान में आने वाले खेल प्रेमियों के लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई है।
इस मौके पर एडीशनल एसपी परमजीत सिंह, डीएसपी हेडक्वॉर्टर मंजीत सिंह, शहीद वेलफेयर कमेटी के प्रधान रविंद्र सिंह सलाथिया, राकेश सिंह सुम्बड़िया, पंकज शर्मा और हरीश अंदाेत्रा आदि मौजूद रहे।