बिलावर। कस्बे के नाज खेल मैदान में जारी बिलावर प्रीमियर क्रिकेट प्रतियोगिता में रविवार को खेले गए मैच में एसएसपी इलेवन की टीम ने कठुआ नाइट राइडर की टीम को चार रनों से हराकर प्रतियोगिता के अगले दौर में प्रवेश कर लिया।
एसएसपी इलेवन के कप्तान ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और प्रतिद्वंद्वी टीम को क्षेत्ररक्षण करने को कहा। 20 ओवर के मैच में एसएसपी इलेवन की टीम ने आठ विकेट गंवाकर 163 रन बनाए। एसएसपी इलेवन के बल्लेबाज सुनील शर्मा ने 72, फैसल देव ने 20 और अनुभव ने 24 रनों का योगदान दिया। निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी कठुआ नाइट राइडर्स की टीम निर्धारित ओवरों में छह विकेट गंवाकर 159 रन ही बना सकी और निर्धारित लक्ष्य से चार रन पीछे रह गई। एसएसपी इलेवन की टीम ने चार रनों से मैच जीतकर प्रतियोगिता के अगले दौर में जगह बनाई। एसएसपी इलेवन के खिलाड़ी अनुभव ने 24 रन बनाए और दो विकेट हासिल किए। मैच में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए अनुभव को मैन ऑफ द मैच से सम्मानित किया गया। थाना प्रभारी बिलावर जितेंद्र सिंह ने मैन ऑफ द मैच रहे खिलाड़ी को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। आयोजकों ने बताया के सोमवार को भी बिलावर प्रीमियर क्रिकेट प्रतियोगिता जारी रहेगी।