बिलावर में बैडमिंटन प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित करते खेल अधिकारी।
कठुआ। युवा सेवाएं एवं खेल विभाग की ओर से जिले में अंतर जोन जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता करवाई जा रही है। इस प्रतियोगिता के तहत बिलावर इंडोर स्टेडियम में विभिन्न जोन के बैडमिंटन मुकाबलों का आयोजन किया गया। इनमें खिलाड़ियों ने अपने कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी सुनील सिंह संब्याल के मार्गदर्शन में बुधवार को अंडर-14 और अंडर-17 आयु वर्ग में लड़कों के मुकाबले करवाए गए। इनमें अंडर-14 आयु वर्ग का फाइनल मुकाबला जोन बिलावर और कठुआ के बीच हुआ जिसमें बिलावर जोन की टीम जीती।
वहीं, अंडर-17 आयु वर्ग में भी फाइनल मुकाबला जोन कठुआ और जोन बिलावर के बीच हुआ। इसमें कठुआ जोन जीता। जिला युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के गतिविधि प्रभारी प्रवीण सिंह लखनपुरिया ने बताया कि बृहस्पतिवार को विभिन्न आयु वर्ग में लड़कियों के बैडमिंटन मुकाबले करवाए जाएंगे। इसके साथ ही अंतर जोन खेल प्रतियोगिता संपन्न हो जाएगी।