कठुआ। शहर के स्पोर्ट्स स्टेडियम में जारी 10वीं पुलिस शहीद मॉटियर्स नॉर्थ जोन टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के 11वें दिन हरियाणा किक्रेट अकादमी और जीएसआई श्रीनगर के बीच मैच खेला गया। ग्रुप-डी के इस लीग मुकाबले में जीएसआई ने पांच विकेट से जीत हासिल की है।
सुबह के सत्र में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरे हरियाणा क्रिकेट अकादमी के खिलाड़ियों ने निर्धारित 20 ओवर में 07 विकेट के नुकसान पर 123 रन बनाए। जिसमें टीम के मुख्य बल्लेबाज वीरेंद्र ने 38 गेंदों में तीन चौकों के साथ 27 रन बनाए और हितेश जामवाल ने 12 गेंदों पर 20 रनों का योगदान दिया। 124 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जीएसआई श्रीनगर की टीम ने महज 19.2 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर हासिल मैच जीत लिया। टीम की इस जीत में कर्ण ने 27 गेंदों में एक चौका और छक्का लगाते हुए 24 रनों का योगदान दिया। गौरव ने 16 गेंदों में एक चौके और एक छक्के के साथ 23 रन बनाए। इसके अलावा गौरव ने चार ओवरों में 25 रन देकर दो महत्वपूर्ण विकेट भी हासिल किए। उनके इस हरफनमौला प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। प्रतियोगिता में मुख्य स्कोरर कुलभूषण सिंह ने बताया कि वीरवार को गुड़गांव और जेसीआई श्रीनगर के बीच मुकाबला होगा।