शहर के स्पोर्ट्स स्टेडियम में जारी फुटबॉल प्रीमियर लीग संपन्न हो गई। पांच दिनों तक चली इस प्रतियोगिता के अंतिम दिन हुए दो मुकाबलों के बाद फुटबाल क्लब फ्लोट ओवरऑल विजेता बना, जिसने पूरी प्रतियोगिता के दौरान चार मैचों में जीत हासिल की है। वहीं एक अन्य मुकाबले में उसे ड्रॉ से संतोष करना पड़ा है।
शनिवार को खेला गया दिन का पहला मुकाबला फुटबॉल क्लब फ्लोट और स्टेडियम-11 कठुआ के बीच खेला गया। इसमें फ्लोट के विशाल ने मैच के दूसरे ही मिनट में एक गोलकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। लेकिन मैच के अगले नौवें मिनट में ही स्टेडियम-11 के राजन ने गोल कर मैच को बराबरी पर ला दिया। लेकिन 14 मिनट में एक बार फिर विशाल ने गोल कर फ्लोट की टीम को बढ़त दिला दी।
स्टेडियम-11 के नारायण ने 22 मिनट में गोल करके मैच के पहले हाफ में दो-दो की बराबरी रखी। इस कड़े मुकाबले के दूसरे हाफ के 5 मिनट में स्टेडियम-11 के अभय ने गोल दागा, लेकिन 15 मिनट के खेल के दौरान फुटबॉल क्लब फ्लोट के सुरजीत ने गोल करते हुए टीम को बराबरी पर लाकर खड़ा कर दिया, जिसके बाद मैच का फैसला पेनाल्टी के द्वारा हुआ, जिसमें फ्लोट के रंजीत नेे गोल करते हुए टीम का स्कोर आगे बढ़ा दिया और टीम को 4-3 से जीत हासिल की।
वह प्रतियोगिता का दूसरा मैच जम्मू-कश्मीर स्पोर्ट्स काउंसिल फुटबॉल एसोसिएशन और यूनाइटेड कठुआ के बीच खेला गया, जिसमें यूनाइटेड कठुआ के अजय ने मैच के 15 मिनट में गोल किया और उनकी बढ़त मैच के अंत तक बरकरार रही। इसके चलते यूनाइटेड कठुआ की मैच में 1-0 की बढ़त अंत तक बरकरार रही और उन्हें जीत हासिल हुई।
खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए आए पर्वतारोही सज्जाद हैदर ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिता से हमारे अंदर की क्षमताओं का विकास होता है। जिला स्तर पर होने वाले इस मुकाबले में हार या जीत के बजाए इसकी उपयोगिता को समझना होगा। वही, स्पोर्ट्स स्टेडियम के प्रबंधक इकबाल सिंह ने बताया कि जम्मू कश्मीर स्पोर्ट्स काउंसिल द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में जिला की प्रमुख छह फुटबॉल क्लब ने भाग लिया था। कुल 15 मुकाबले खेले गए हैं। उन्होंने कहा कि इन मुकाबलों में फ्लोट फुटबॉल क्लब सर्वश्रेष्ठ रही है, जिसे अब जम्मू में होने वाली प्रतियोगिता में जिला का नेतृत्व करने का मौका मिलेगा।