जिला कठुआ में पूर्वानुमान के अनुसार मौसम ने एक बार करवट बदल ली है। शनिवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। पहाड़ी इलाकों में जहां हल्का हिमपात दर्ज हुआ, वहीं मैदानों में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है।
दिनभर बर्फीली हवा चलने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जिला के बनी और मल्हार इलाकों में रात का न्यूनतम तापमान शून्य से भी नीचे चला गया है। कई इलाकों में पारा माइनस एक डिग्री सेल्सियस तक दर्ज हुआ है। उधर, मैदानों में भी हाड़ कंपाने वाली सर्दी पड़ रही है।
शनिवार बाद दोपहर बनी के उच्च पर्वतीय इलाकों में हल्का हिमपात दर्ज किया गया। बर्फबारी के चलते सर्द हवाओं ने जोर पकड़ लिया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार शनिवार रात इलाके में हिमपात की संभावना है, जबकि बारिश आने वाले दो दिनों तक जारी रह सकती है। कई इलाकों में बिजली गुल रहने से लोगों की दिक्कतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं।