जिले में मौसम ने एक बार फिर करवट ली। इस दौरान जहां उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी हुई, तो वहीं कुछ इलाकों में बारिश भी हुई। इससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। इसके साथ ही लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। सोमवार को सुबह से ही मैदानी इलाकों में बादल छाए थे। सर्द हवा का दौर भी जारी था। वहीं पहाड़ी इलाकों में रिमझिम बारिश के साथ दूरदराज इलाकों में बर्फबारी हुई।
बनी के छत्रगलां, भंडार, डंडीगुट्टू, भंडार से सटे उच्च पर्वतीय इलाकों ने बर्फ की मोटी चादर ओढ़ ली है। बनी-भद्रवाह के बीच छत्रगलां टॉप से लेकर सरथल तक बर्फ के फाहे गिरना शुरू हो गए। वहीं ढग्गर के पहाड़ों, डंडी गुट्टू में भी अच्छी बर्फबारी हुई। बनी कसबे और आसपास के इलाकों में भी सुबह के समय बादल छाए थे। इस बीच बूंदाबांदी भी हुई। बसोहली समेत हीरानगर और कठुआ के इलाकों में हल्की बूंदाबांदी के साथ ठंड बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार कई इलाकों में दो फुट तक बर्फ गिरी है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो दिनों तक कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। सोमवार को बनी में दिन का अधिकतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तो वहीं न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कठुआ में अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस तो वहीं न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।