साबुन की आड़ में नशे की दवाओं की तस्करी का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। ट्रक चालक और सह चालक को गिरफ्तार कर उनसे 28,800 बोतल विंसिरेक्स कफ सिरप और 1,91,520 स्पास्मो प्रॉक्सीवन प्लस कैप्सूल बरामद किए गए हैं। कार्रवाई लखनपुर थाना प्रभारी संजीव के नेतृत्व में टीम ने की।
एसएसपी कठुआ डॉ. शैलेंद्र मिश्रा ने बताया कि एक ट्रक में प्रतिबंधित दवाओं को छुपाकर लाने की सूचना मिली थी। इसके बाद सुबह साढ़े नौ बजे नाका लगाकर पुलिस टीम ने ट्रकों की जांच शुरू की।
जांच के दौरान ट्रक संख्या पीबी-12 एन-3721 के चालक और सह चालक को पकड़कर मजिस्ट्रेट के सामने ट्रक की तलाशी ली गई। इस दौरान प्रतिबंधित दवाओं की खेप बरामद हुई। इसकी अनुमानित कीमत 90 लाख के करीब आंकी जा रही है।
पंजाब से कश्मीर पहुंचनी थी खेप
एसएसपी के मुताबिक नशीली दवाओं की यह तस्करी पंजाब से बिजबिहाड़ा कश्मीर में होनी थी। इस संबंध में ट्रक चालक बलवीर सिंह उर्फ बीरी और सहचालक शाम लाल निवासी लुधियाना को गिरफ्तार कर ट्रक को जब्त कर लिया गया है। एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।