कठुआ। पशु तस्करी के खिलाफ लखनपुर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। बीती शनिवार रात भी लखनपुर पुलिस ने एक कार्रवाई के दौरान 9 मवेशियों को मुक्त करवाया और तस्करी में प्रयुक्त ट्रक को जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान ट्रक चालक मोहम्मद सलीम निवासी बिजनौर उत्तर प्रदेश के रूप मे हुई है। उसके खिलाफ लखनपुर थाने में मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात पुलिस टीम ने लखनपुर में नाका लगाया हुआ था। इस दौरान पंजाब की ओर से आ रहे ट्रक नंबर यूपी23टी-2724 को शक के आधार पर जांच के लिए रोका गया। ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें 9 मवेशी बरामद हुए है। जिन्हें निर्दयता के साथ ट्रक में लोड कर कश्मीर की ओर ले जाया जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने मवेशियों को मुक्त करवाकर ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया।