शहर में शारदीय नवरात्र के अवसर पर भगवान श्रीराम की भव्य बरात निकाली गई। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और जगह-जगह स्वागत किया। रामलीला में श्रीराम-सीता विवाह का मंचन आकर्षण का केंद्र रहा।
शारदीय नवरात्र पर जहां देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। वहीं रामलीला को लेकर भी लोगों में खासा उत्साह है। वीरवार को शहर में भगवान राम की भव्य बरात निकाली गई। बैंड बाजे और घोड़े पर सवार बराती जब शहर में निकले तो लोगों ने उनका स्वागत कर भगवान के प्रति अपनी आस्था प्रदर्शित की।
विज्ञापन
शहर के रामलीला मैदान से निकाली गई भगवान श्रीराम की बरात मुखर्जी चौक होते हुए शहीदी चौक पहुंची और वहां से वार्ड नंबर पांच में आकर संपन्न हुई। इस दौरान भक्तों ने जगह-जगह बरात का स्वागत किया और भगवान के रूप में सजे कलाकारों की आरती उतार कर अपनी खुशी का इजहार किया।
श्री राम नाटक सभा के सूत्रधार अमित शर्मा ने बताया कि वीरवार की रात को होने वाली रामलीला में श्रीराम और सीता के भव्य विवाह का मंचन किया जाएगा। इससे पूर्व इस बरात का आयोजन किया जाता है। उन्होंने बताया कि विवाह के बाद पारंपरिक पालकी में माता सीता की विदाई का दृश्य प्रस्तुत किया जाएगा। इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग रामलीला मैदान पहुंचेंगे।