-घर में आग लगने से तीन परिवारों के दो बच्चों समेत छह लोगों की गई थी जान
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। कठुआ के शिवानगर अग्निकांड में मृतकों के परिवारों को जिला प्रशासन ने 24 लाख रुपये की अनुग्रह राशि मंजूर की है। 17 दिसंबर को सेवानिवृत्त डीएसपी अवतार कृष्ण के किराये के घर में आग लगने के दो बच्चों सहित छह लोगों की मौत हो गई थी। वित्तीय सहायता राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष (एसडीआरएफ) से प्रदान की गई है।
आग की इस घटना में तीन परिवार तबाह हो गए थे। मृतकों में 17 वर्षीय गंगा भगत और 15 वर्षीय दानिश भगत के पिता भारत भूषण के लिए आठ लाख रुपये की अनुग्रह राशि मंजूर की गई है। इसके अलावा सेवानिवृत्त डीएसपी अवतार कृष्ण, बरखा रैना और तक्ष रैना के परिवार में स्वर्ण लता रैना के लिए 12 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। अद्विक रैना के पिता संदीप कौल के लिए चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि मंजूर हुई है। प्रभावित परिवारों को 24 लाख रुपए की सहायता राशि वितरित की जाएगी।
उपायुक्त डॉ. राकेश मिन्हास ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें प्रशासन की ओर से निरंतर सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए अग्नि सुरक्षा जागरूकता और तैयारियों के महत्व पर भी जोर दिया। दुर्भाग्यपूर्ण घटना के मद्देनजर कठुआ प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और आग से संबंधित त्रासदियों के जोखिम को कम करने के लिए सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने का आग्रह किया।