बिलावर। उपमंडल मुख्यालय से सटी किशनपुर पंचायत के वार्ड तीन में यात्रियों के लिए बनाए गए यात्री शेड के पास पेयजल का अभाव है। इस कारण यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
सरकार ने तीन वर्ष पहले यात्रियों की सुविधा के लिए यात्री शेड बनाया था लेकिन यात्री शेड के पास पीने के पानी की व्यवस्था न होने के कारण यात्रियों को पेयजल की किल्लत से परेशान होना पड़ता है। गर्मियों के मौसम में लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है।
स्थानीय निवासी सुनील खजूरिया, शिव कुमार, रमेश सिंह और प्रेम चंद ने बताया कि इस यात्री शेड पर पंचायत किशनपुर, पंचायत धार डूगनु, पंचायत हौटार आदि पंचायतों के लोग वाहनों का इंतजार करते हैं जिन्हें पेयजल की किल्लत के कारण परेशान होना पड़ता है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कई वर्ष पहले इसी स्थान पर जल शक्ति विभाग की ओर से पेयजल सुविधा के लिए स्टैंडपोस्ट लगाया गया था जो पिछले कई साल से बंद पड़ा है।
उन्होंने बताया कि यात्री शेड में सैकड़ों यात्रियों के साथ ही दूरस्थ इलाकों के विद्यार्थी भी वाहनों का इंतजार करते हैं, जिन्हें पानी के लिए आसपास की दुकानों या घरों पर निर्भर रहना पड़ता है।
लोगों ने कहा कि सरकार से कई बार यात्री शेड के पास पेयजल सुविधा मांगी गई लेकिन सरकार ने लोगों की मांग पूरी नहीं की।
उन्होंने किशनपुर पंचायत के वार्ड तीन में बनाए गए यात्री शेड के पास पेयजल सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए पानी की टंकी बनाने की मांग की है, जिससे यात्रियों को पेयजल और राहत मिल सके।
रामकोट में लगी सोलर लाइट बुझी
रामकोट। स्थानीय राजकीय हायर सेकेंडरी स्कूल के बाहर चौगान मैदान में लगी सोलर लाइट पिछले कई महीनों से खराब पड़ी है। इस कारण बरुन देवस्थल चौगान के आसपास रात होते ही अंधेरा पसर रहा है। इससे परेशान लोगों ने चौगान के मैदान में 19 जून को प्रस्तावित वार्षिक मेले से पहले स्ट्रीट लाइट सुधारने की मांग की है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि स्थानीय लोग सुबह और शाम इस स्थान पर सैर के लिए पहुंचते हैं। इसके बावजूद वहां रोशनी न होने की वजह से अंधेरे में टहलते समय कई बार परेशानियों का सामना करना पड़ता है। लोगों ने बताया कि आगामी 19 जून को चौगान के मैदान में वार्षिक मेले का आयोजन होगा।