बिलावर। लोहाई मल्हार में आतंकियों की ओर से तीन लोगों की हत्या की आशंका के बाद सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान तेज कर दिया है। मछेडी के पेनाबेई से सटे जंगली इलाके में मंगलवार को सेना, सीआरपीएफ, पैरा कमांडोज और जम्मू-कश्मीर पुलिस की एसओजी की टीम में संदिग्धों की तलाश में सघन तलाशी अभियान चलाया।
घने जंगल के बीच सुरक्षाबल चप्पा-चप्पा खंगाल रहे हैं लेकिन संदिग्धों का कोई भी सुराग नहीं मिल पाया। विगत सोमवार को लोहाई मल्हार ब्लॉक के दूरदराज के इलाके में संदिग्ध हथियारबंद दिखाई देने की खबर मिली थी। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने जंगल से सटे इलाकों में बने मकानों की तलाशी भी ली लेकिन मंगलवार सुबह से लेकर शाम छह बजे तक चलाए गए सर्च ऑपरेशन में कोई सफलता हाथ नहीं लगी है। तलाशी अभियान के दौरान पैरा कमांडोज और ड्रोन की सहायता भी ली जा रही है लेकिन जंगल घना होने के कारण सुरक्षाबलों के सामने कई चुनौतियां आ रही हैं।
दुर्गम और पहाड़ी क्षेत्रों में पहुंचना सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है। घने जंगल के बीच पहाड़ी क्षेत्र का मौसम, नेटवर्क की समस्या और सड़क सुविधा न होने के कारण तलाशी अभियान चलाने में विलेज डिफेंस ग्रुप के सदस्य भी मदद कर रहे हैं। मंगलवार को सुरक्षा एजेंसियों ने सल्ली इलाके के साथ-साथ सच्चार के जंगलों को सुबह से लेकर शाम तक खंगाला लेकिन संदिग्धों का कोई सुराग नहीं लग पाया।