नशा तस्करी और आतंकी फंडिंग में महिला के खाते से 49 लाख जब्त
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने नशा तस्करी और आतंकवाद फंडिंग से जुड़े मामले में 49 लाख जब्त किए हैं। श्रीनगर जोनल ऑफिस की ईडी टीम ने सैयद सदफ अंद्राबी (आरोपी अब्दुल मोमिन पीर की पत्नी) के खाते में पड़े 48.99 लाख को अपराध की आय के रूप में अस्थायी रूप से जब्त किया है।
ईडी के एक अधिकारी ने बताया कि जांच एनआईए जम्मू की एफआईआर व चार्जशीट के आधार पर शुरू की गई। 2020 में हंदवाड़ा के चेकपॉइंट पर अब्दुल मोमिन पीर से 6 किलो हेरोइन व 20 लाख नकदी बरामद की थी। बाद में एनआईए ने उसके रिश्तेदारों और सहयोगियों से 1.15 करोड़ नकदी व 15 किलो हेरोइन पकड़ी। जांच में पता चला कि अब्दुल रिश्तेदारों इस्लाम-उल-हक पीर, सैयद इफ्तिखार अंद्राबी, सैयद सलीम अंद्राबी व अन्य के साथ लंबे समय से अवैध नशीले पदार्थों के व्यापार में संलिप्त था।
एक मकान पहले से जब्त
नशे से अर्जित कमाई का इस्तेमाल आतंकी गतिविधियों में किया गया। मोमिन पहले भी नशा तस्करी के दो मामलों में गिरफ्तार हो चुका है। ईडी ने श्रीनगर के बेमिना में उसके घर को भी तस्करी की आय से अर्जित चिह्नित कर जब्त किया था। यह घर सदफ अंद्राबी के नाम पर था। जांच में अंद्राबी के नाम से बचत खाते की पहचान भी हुई।
इसमें 48.99 लाख रुपये जमा थे। यह राशि कथित तौर पर अब्दुल व अन्य ने नशे के व्यापार से प्राप्त धन से जमा की थी। अब इस खाते को भी पीएमएलए के तहत अस्थायी रूप से जब्त कर लिया गया है। ईडी ने कहा कि और खुलासे होने की संभावना है।