स्नातक प्रथम सेमेस्टर में दाखिले के लिए दूसरी मेरिट लिस्ट रविवार को जारी की जाएगी। जिन विद्यार्थियों का नाम पहली मेरिट लिस्ट में नहीं आ पाया था, उनमें से कई विद्यार्थियों की किस्मत दूसरी लिस्ट से खुलेगी।
शहर के दोनों डिग्री कालेजों में दूसरी मेरिट लिस्ट सोमवार को नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दी जाएगी। रविवार को अवकाश होने के चलते इस मेरिट लिस्ट में नाम आने वाले विद्यार्थी सोमवार से ही दाखिला करा सकते हैं। वहीं, पहली मेरिट लिस्ट के तहत पिछले छह दिनों में एक हजार से अधिक विद्यार्थियों ने दाखिला लिया है।
डिग्री कालेज प्रिंसिपल डा. नेत्र सिंह ने बताया कि दूसरी मेरिट सूची कालेज प्रशासन द्वारा रविवार को जारी की जाएगी और सोमवार से दाखिला प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। वहीं, पहली मेरिट लिस्ट की दाखिला प्रक्रिया जारी रहेगी।
डिग्री कालेज और महिला डिग्री कालेज कठुआ प्रशासन सोमवार को दूसरी मेरिट सूची नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर देगा। विद्यार्थी आनलाइन मेरिट सूची भी देख सकते हैं। महिला डिग्री कालेज के दाखिला कमेटी समन्वयक प्रो राकेश जसरोटिया ने बताया कि शनिवार को आर्ट्स विषयों के लिए नौ और साइंस विषयों के लिए आठ छात्राओं ने दाखिला लिया है।
शनिवार को कुल सत्रह छात्राओं ने दाखिला लिया। उन्होंने बताया कि आर्ट्स विषय में अब तक 171 और साइंस विषय में 72 छात्राओं ने दाखिला लिया है। कुल संख्या 243 पहुंच गई है। डिग्री कालेज कठुआ में पचास से अधिक विद्यार्थियों ने दाखिला लिया।