मौसम की करवट ने सर्दी का औपचारिक आगाज कर दिया। जिले के पर्वतीय इलाकों की चोटियाें पर सीजन की पहल बर्फबारी हुई जबकि पर्वतीय कसबों से लेकर मैदानी इलाकों में बारिश की हल्की फुहार ने दिनभर मौसम को सर्द बनाए रखा।
कठुआ शहर व आसपास के इलाकाें में तो कुछ देर के लिए दिन में ही अंधेेरा सा छा गया। ऐसे में वाहनों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा।
जिले की बनी तहसील के पर्वतीय इलाके नुकनाली, सरथल, चंडियार, जोड़ेयां माता पर्वत पर सीजन की पहली बर्फबारी हुई। सुबह से ही मौसम ने करवट लेना शुरू दिया।
पहले बारिश की बूंदे बरसीं और उसके बाद बर्फ के फाहे गिरने लगे। पर्वतीय इलाकों में पहली बर्फबारी से निचले इलाकों में ठंड अचानक बढ़ गई। बनी व सटे इलाकों में लोगों को अलाव का सहारा भी लेना पड़ा।
इधर कठुआ शहर और आसपास के इलाकों में सुबह और दोपहर बाद को बारिश की हल्की फुहार ने मौसम को पूरी तरह से बदल डाला। दिन में भी सूरज नहीं निकल पाया और ठंड का अहसास लगातार बढ़ता रहा।
स्कॉस्ट जम्मू की कठुआ एग्रोमेट यूनिट के अनुसार मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है जबकि न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिन के समय आर्र्दता का औसत पैमाना 45 प्रतिशत रहा। एग्रोमेट यूनिट के पूर्वानुमान के अनुसार अगले चौबीस घंटों के भीतर हल्की बारिश के आसार बन रहे हैं।