हीरानगर। रविवार को पाकिस्तान की ओर से ड्रोन से विस्फोटक भेजने की कोशिश को जम्मू-कश्मीर पुलिस ने नाकाम कर दिया था। इसके बाद भी इलाके में तलाशी अभियान लगातार चलाया जा रहा है। मंगलवार सुबह भी सुरक्षा बलों की ओर से संयुक्त रूप से तलाशी अभियान चलाया गया।
सुरक्षा एजेंसियां भी लगातार नजर बनाए हैं। लोगों को भी हिदायत दी गई है कि इस तरह की गतिविधियों पर नजर रखें और सूचना तुरंत दें। बॉर्डर डीएसपी पंकज सूदन ने बताया कि इलाके में तलाशी अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। ड्रोन के साथ भेजे गए विस्फोटक के रिसीवर की तलाश जारी है।
बता दें कि रविवार को पाकिस्तान की ओर से आए ड्रोन को लोगों की मदद से पुलिस ने मार गिराया था। इसके साथ भेजे गए पैकेट की तलाशी के दौरान 7 यूबीजीएल और 7 स्टिकी बम बरामद किए गए थे। इसके बाद से सुरक्षा बल और एजेंसियां लगातार इलाके में घूम रही हैं।