हीरानगर के जांडी किला मंदिर पर ग्रेनेड हमले के बाद सब डिवीजन की छन्न खत्रियां पंचायत में तीन संदिग्ध देखे जाने के बाद से हड़कंप है। सुरक्षा बलों ने वीरवार रात के बाद शुक्रवार को भी व्यापक तलाशी अभियान चलाया, लेकिन संदिग्धों का कोई सुराग नहीं लगा है। पंचायत के सुक्खू चक गांव निवासी बोधराज का कहना है कि वह शाम करीब साढे़ सात बजे अपने खेतों की ओर गए। वहां उन्होंने तीन संदिग्ध लोगों को आग जलाकर बैठे देखा। उन्होंने बताया कि तीनों संदिग्धों के कंधों पर बैग थे। इसकी सूचना तुरंत गांव आकर पंच को दी, जिन्होंने हीरानगर पुलिस थाने में जानकारी दी। इसके बाद पुलिस, एसओजी, सीआरपीएफ और सेना ने इलाके की घेराबंदी कर संयुक्त रूप से तलाशी अभियान चलाया।
करीब साढे़ नौ से साढ़े ग्यारह बजे तक पूरे इलाके को खंगाला गया, लेकिन संदिग्धों का सुराग नहीं लगा। शुक्रवार सुबह फिर से सुरक्षाबलों ने करीब तीन घंटे तलाशी अभियान चलाया। गांव के साथ लगते जंगल और नालों को भी खंगाला गया। गौरतलब है कि 30 दिसंबर की रात जांडी किला मंदिर पर ग्रेनेड हमला किया गया था, जिसके बाद से आशंका जताई जा रही है कि आतंकी पुराने रूटों से आकर किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं।