बिजली संकट से उबरने के प्रयास के साथ-साथ लोगों को सूझबूझ से बिजली इस्तेमाल करने के लिए बिजली विभाग की मुहिम दूसरे दिन मंगलवार को भी जारी रही।
विभाग ने सख्ती दिखाते हुए शहर के कोर्ट मार्ग पर निरीक्षण किया। बिजली विभाग के सहायक कार्यकारी अभियंता के अध्यक्षता में चलाए गए अभियान के दौरान टीम ने चालीस घरेलू और व्यवसायिक कनेक्शनों की जांच की।
विभाग ने सालों से चोरी कर दर्जन भर खोखों में उपयोग की जा रही बिजली सप्लाई बंद कर दी। टीम ने कनेक्शन काटने के साथ ही चेतावनी भी दी। घरेलू कनेक्शनों की जांच में सामने आया कि अधिकतर उपभोक्ता पांच सौ वॉट का बिजली लोड बताकर कई किलो वॉट लोड इस्तेमाल कर रहे थे।
विभाग ने फ्लैट रेट के अनुसार ऐसे उपभोक्ताओं को मोटा जुर्माना लगाने की भी तैयारी की है। इस संबंध में जानकारी देते हुए विभाग के सहायक कार्यकारी अभियंता गणेश कुमार ने बताया कि नियमित रूप से विभिन्न इलाकों में जांच की जा रही है। कई जगह दो दो कनेक्शन इस्तेमाल करते भी पाया गया है।
इसके साथ ही बारह अवैध कनेक्शन काटे गए हैं। उन्होंने बताया कि विभागीय टीम प्रतिदिन एक ट्रांसफार्मर के अधीन आने वाले कनेक्शनों की जांच कर रही है और आने वाले दिनों में शहर और ग्रामीण इलाकों में तेजी से अभियान चलाया जाएगा। अधिकारी ने बताया कि सर्दी बढ़ने के साथ ही बिजली की खपत भी बढ़ गई है जिससे आए दिन ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो रहे थे।