संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। शहर के मूनलाइट सिनेमाघर के बाहर पुल पर घंटों तक लावारिस हालत में खड़ी एक स्कॉर्पियो ने हड़कंप मचा दिया। यातायात पुलिस ने जब वाहन के पंजीकरण नंबर की जांच की तो सामने आया कि नंबर प्लेट हिमाचल प्रदेश में पंजीकृत एक स्विफ्ट कार की थी। इसके बाद वाहन को जब्त कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि स्कॉर्पियो पर दूसरी गाड़ी की नंबर प्लेट क्यों लगाई गई थी और इसे वहां किस उद्देश्य से खड़ा किया गया था।
जानकारी के अनुसार, पुल पर स्कॉर्पियो खड़ी होने के बाद यातायात पुलिस ने काफी देर तक वाहन के मालिक का इंतजार किया। बार-बार सूचना देने के बावजूद जब कोई मौके पर नहीं पहुंचा तो डीटीआई विक्रम कुमार ने ऐप के माध्यम से वाहन का पंजीकरण नंबर डालकर मालिक का पता लगाने की कोशिश की। जांच में पता चला कि संबंधित नंबर हिमाचल प्रदेश में पंजीकृत एक स्विफ्ट कार का है। यातायात पुलिस अधिकारी ने तुरंत कार के मालिक से संपर्क किया तो उसने बताया कि उसके पास स्विफ्ट कार है, स्कॉर्पियो नहीं। इसके बाद पुलिस ने स्कॉर्पियो का चेसिस नंबर भी ट्रेस कर उसके वास्तविक पंजीकरण की जानकारी जुटाई गई। जिससे संदेह गहरा गया।