हीरानगर। कूटा पंचायत की सरपंच रंजना देवी ने अपनी ही पंचायत के एक पंच के खिलाफ फर्जीवाड़े का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने पंच के खिलाफ धारा 420, 468, 471 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
सरपंच ने बताया कि पंच ने राशन कार्ड में फर्जीवाड़ा कर सरकारी योजनाओं का लाभ लिया। उसके बच्चे सरकारी नौकर में हैं, लेकिन राशन कार्ड में फर्जीवाड़ा कर उसने प्रधानमंत्री आवास प्लस योजना में अपना नाम रखा। उन्होंने कहा इस योजना के लिए वार्ड की सूची तैयार करने का काम पंच का होता है। अब यह मामला सामने आया कि पंच ने स्वयं का नाम इस योजना में शामिल करा लिया लिया। उन्होंने कहा पंचायत और आम लोगों की बेहतरी के लिए हमने इसकी शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारी से इस बारे में बात की गई तो उन्होंने कहा कि अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, मामले की जांच चल रही है।