सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण कठुआ शहर के पारलीवंड में सड़क के किनारे लगा कचरे का ढेर। संव
शहर के प्रमुख चौक-चौराहे पर बदबू का साम्राज्य
कठुआ। सफाई कर्मचारियों की पिछले 16 दिनों से जारी हड़ताल के कारण शहर के प्रमुख चौक-चौराहे पर बदबू का सामराज्य स्थापित हो रहा है। बरसात के दिनों में जगह-जगह लगे कचरे के ढेर सड़कों पर फैल रहा है। इससे वहां से गुरजने वाले लोग अब नाक बंद करने के लिए मजबूर हो रहे हैं।
प्रतिदिन करीब 40 टन तक कचरा उगलने वाले शहर में जारी सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण हर तरफ गंदगी का आलम है। वह इस कचरे के कारण बंद होने वाले नाले भी उफन रहे हैं। शहर के डीसी ऑफिस और पारलीवंड क्षेत्र में नाले से लगातार निकल रहा पानी राहगीरों के लिए मुसीबत बना हुआ है। वहीं गलियों में लगे कचरे के ढेर से उठने वाली बदबू लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही है।
इस बारे में स्थानीय मनोज कुमार का कहना है कि गनीमत है कि श्री अमरनाथ यात्रा को देखते हुए सफाई कर्मचारी अपनी नैतिक जिम्मेदारी को समझ़ते हुए प्रमुख स्थानों पर लगने वाले ढेर को रोज हटा रहे हैं। लेकिन गलियों और मोहल्लों का हाल बेहाल है। जहां कचरे का ढेर इसी तरह बढ़ता रहा तो आने वाले दिनों में लोगों को कई तरह की बीमारियों का सामना करना पड़ सकता है।
लोगों का कहना है कि गलियां और सड़क से कचरा ना उठाए जाने की वजह से शहर गंदगी के अंबार से भर गया है. जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं। अब सरकार और प्रशासन को सफाई कर्मियों के यूनियन पदाधिकारियों से बातचीत कर सुलह करने की कोशिश करनी चाहिए।