फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kathua News: पूरी रात बरसी मुसीबत, एक और मकान ढहा, बनी-लवांग सड़क बंद

विज्ञापन
विज्ञापन
कठुआ। जिले में लगातार दो दिन की बरसात के बाद शनिवार रात को भी भारी बारिश जारी रही। बारिश का दौर सुबह चार बजे के करीब थमा लेकिन इससे दुश्वारियां बढ़ गईं। शनिवार को हुई तेज बारिश और आंधी के चलते बनी के घुट्टू में एक और मकान क्षतिग्रस्त हो गया। पूरे मकान में दरारें आ गईं। हालांकि जानी नुकसान से बचाव रहा। इसके अलावा शनिवार को हुई ओलावृष्टि से जहां सब्जी काफी नुकसान पहुंचा है, वहीं मंजरी झड़ने से आड़ू और दशहरी आम की पैदावार कम होने की संभावना बन गई है। बता दें कि शनिवार की शाम ओलावृष्टि पत्थरों के जैसी हुई। एक अनुमान के मुताबिक 6-6 इंच के ओले भी गिरे। इसका सबसे ज्यादा प्रभाव शहरी इलाकों में पड़ा है, जबकि, लोगेट मोड़ के आगे ओलावृष्टि इतनी अधिक नहीं हुई। इसके अलावा, भारी बारिश के बाद सेवा नदी का जलस्तर बढ़ गया। इसके बाद एनएचपीसी ने बांध के गेट खोल दिए। वहीं, मौसम को देखते हुए जिला पुलिस ने भी लोगों को नदी-नालों के पास न जाने के लिए एडवाइजरी जारी की है, जबकि मौसम विभाग ने सोमवार से मौसम साफ रहने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार रात से रविवार सुबह तक 33.5 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई।
विज्ञापन

17 घंटे बाद खुला बनी-बसोहली मार्ग, बनी-लवांग रोड पस्सियां गिरने से बंद
शनिवार सुबह बारिश के बाद पस्सियां गिरने से बनी बसोहली मार्ग दो बार बाधित हुआ। पहले सतसर के पास भूस्खलन हुआ तो उसे खोल दिया गया, जबकि कुछ मिनटों के बाद द्रमणी के पास फिर बड़े-बड़े पत्थर सड़क पर आ गिरे। इसके बाद रास्ता खोलने में लगी जेसीबी पर भी बड़े-बड़े पत्थर आ गिरे। रविवार सुबह सड़क को 10 बजे के आसपास खोल दिया गया लेकिन उक्त सड़क 17 घंटे तक बंद रही। वहीं, 24 घंटे से बंद बनी-लवांग रोड पर हंसा मोड़ पर एक बार फिर पस्सियां गिर गईं। उधर, बनी के घुट्टू में नरेश कुमार के घर को शनिवार देर शाम काफी नुकसान पहुंचा। तहसीलदार प्रद्युम्न अत्री का कहना है कि राजस्व विभाग के कर्मचारियों से रिपोर्ट मांगी गई है। प्रभावित परिवारों को राहत दी जाएगी। मौसम के पूरी तरह साफ होने तक नुकसान का आकलन नहीं किया जा सकता।
नदी नालों में न जाने की हिदायत
कठुआ जिले में भारी बारिश, बिजली और ओलावृष्टि के मद्देनजर जिला पुलिस ने एडवाइजरी जारी ही है। इसमें बताया गया कि भारी बारिश के बाद अधिकांश नदियों और नालों में जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, इसलिए अचानक बाढ़ आने की पूरी आशंका है। जिले की आम जनता, खासकर पहाड़ी इलाकों के लोगों को सलाह दी जाती है कि वे घर पर रहें और किसी नदी/नाले की ओर न जाएं। किसी भी आपात स्थिति के लिए निकटतम पुलिस स्टेशन से संपर्क करें। पुलिस ने आम लोगों के लिए 9858034100 या 112 पर किसी भी आपात स्थिति की जानकारी देने की अपील की है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें