बिलावर। किशनपुर पंचायत के वार्ड नंबर 3 तली को जोड़ने वाली सड़क की जब सरकार ने मरम्मत नहीं करवाई तो गुस्साए स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क की मरम्मत का काम शुरू कर दिया।
स्थानीय ग्रामीणों ने रुपये एकत्रित कर जेसीबी मशीन लगाकर सड़क की मरम्मत का काम शुरू करवा दिया। लोगों ने कहा कि तली मोहल्ले की महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक, नौजवान और बच्चे उनके गांव को जोड़ने वाली सड़क की मरम्मत के लिए कई बार मांग की और कई प्रदर्शन भी किए लेकिन आश्वासनों के सिवा आज तक कुछ हासिल नहीं हुआ। लोगों ने कहा कि वह मौजूदा सरकार की कार्यप्रणाली से परेशान हैं क्योंकि डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क की सरकार पिछले 1 वर्ष से मरम्मत नहीं करवा पाई। उन्होंने कहा कि 15 वर्ष पूर्व उनके मोहल्ले के लिए सडक निर्माण किया गया था। सड़क की मौजूदा स्थिति के कारण मोहल्ले के लगभग 250 लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है, सबसे अधिक परेशानियां बुजुर्ग और छोटे बच्चों को उठानी पड़ती है। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में सड़क की खस्ताहाल स्थिति के कारण सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। कई बार मांग करने के बाद जब सरकार ने उनकी मांग को पूरा नहीं किया तो उन्होंने मजबूर होकर सड़क की मरम्मत का काम स्वयं शुरू करवाया। लोगों ने कहा कि मौजूदा समय में सड़क पर कोई वाहन नहीं चल पा रहा है, जिसकी वजह से तली मोहल्ले के लोग इस जमाने में भी सड़क सुविधा से वंचित रहने को मजबूर हैं। इस मौके पर वरिष्ठ नागरिक करण सिंह, सुरजीत सिंह, राज सिंह, मेला राम और वार्ड के युवा,महिलाएं और छोटे-छोटे बच्चे भी मौजूद रहे।