कटली सड़क से गुज्जर बस्ती की तरफ जाने वाली सड़क का निर्माण आठ वर्ष पूर्व शुरू किया गया था, जिसे आज तक पूरा नहीं किया गया है। गुज्जर बस्ती के निवासी गुलजार अहमद ने बताया कि 8 साल पहले गुर्जर बस्ती मोहल्ला के लिए दो किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण लोक निर्माण विभाग ने शुरू किया था, जो आज तक पूरा नहीं हो पाया है।
मोहम्मद सदीक ने बताया कि सड़क के लिए भूमि कटाव का काम पूरा करने के बाद विभाग की ओर से सड़क के किनारे न ही पानी की निकासी के इंतजाम किए गए, न ही कंकर और तारकोल डाला गया। जीवन लाल ने बताया कि गुज्जर बस्ती के लोग कई बार लोक निर्माण विभाग को सड़क का काम पूरा करने के लिए कह चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं की जा रही है।
लोगों ने बताया कि लाखों रुपये की राशि सड़क बनाने के लिए खर्च की जा चुकी है, लेकिन लोग सड़क का काम पूरा न होने के कारण ठोकरें खाने को मजबूर है। लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क का शेष काम पूरा किया जाए। इस संबंध में जल्द से जल्द संज्ञान लेने की मांग की है।
लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता मोहम्मद रजाक ने कहा कि योजना के तहत सड़क का निर्माण किया गया था, लेकिन फंड के अभाव में सड़क का काम अधूरा पड़ा है। उन्होंने कहा कि योजना बनाकर भेजी गई है। राशि स्वीकृत होते ही सड़क पर तारकोल डालने सहित अन्य काम करवाए जाएंगे।