पिछले दस दिनों से पेयजल संकट से परेशान वीरू चक्क और छप्पाकी के लोगों ने चड़वाल-बोबिया मार्ग जाम कर पीएचई विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने करीब पांच घंटे तक मार्ग बंद रखा और विभागीय अधिकारी को मौके पर आकर बात करने की बात पर अड़े रहे। उनका कहना था कि वे बार-बार अधिकारियों की तरफ से दिए जाने वाले आश्वासन दर आश्वासन से आजिज आ गए हैं।
प्रदर्शनकारियों में शामिल सरदार मोहन सिंह, प्रकाश चंद चौधरी, बाल कृष्ण, परमेश्वर शर्मा, रोशन सिंह, अमरजीत सिंह ने कहा कि पिछले 10 दिन से गांव में पानी नहीं आ रहा है। इसके कारण लोगों को भारी दिक्कतों से दो चार होना पड़ रहा है। लेकिन विभाग को इसकी कोई परवाह नहीं है। बार-बार विभागीय अधिकारियों से बात करने के बाद भी हर दिन आश्वासन पर आश्वान ही मिले, लेकिन पानी नहीं मिला।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पानी नहीं होने के कारण सबसे अधिक परेशानी महिलाओं को होती है। उन्होंने कहा कि दिनचर्या बुरी तरह से प्रभावित हो रही है। यदि हमारी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को उग्र करने को मजबूर हो जांएगे।
प्रदर्शनकारियों ने विभागीय अधिकारी को मौके पर आने की बात कही लेकिन पांच घंटे के बाद जब कोई नहीं आया तो लोगों ने लोगों ने एक दिन का समय देते हुए कहा कि यदि पीएचई विभाग ने अपनी कारगुजारी में सुधार नहीं किया और एक दिन में पानी नहीं आया तो राष्ट्रीय राजमार्ग को अवरुद्ध करेंगे।