संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जम्मू-कश्मीर के प्रवेशद्वार लखनपुर में सड़कों की बदहाली वाहन चालकों के लिए मुसीबत का सबब बन रही है। शुक्रवार को टोल प्लाजा के पास खुले पड़े नाले में एक लोड कैरियर ऑटो जा घुसा। गनीमत रही कि इस घटना में हालांकि कोई घायल नहीं हुआ। बाद में ऑटो को क्रेन की मदद से निकाला गया।
लोड कैरियर ऑटो के चालक रशपाल ने बताया कि जिस समय उसका आटो दुर्घटनाग्रस्त हुआ, वहां काफी जलभराव था। मुख्य सड़क पर ही नाले के इस तरह से खुले होने की उन्हें उम्मीद भी नही थी। लिहाजा जैसे ही उसने पानी के बीच से ऑटो को निकालने का प्रयास किया लेकिन वे सीधा नाले में जा घुसा। जिसके बाद जैसे-तैसे उसने अपनी जान बचाई और ऑटो को निकालने के लिए क्रेन मंगवानी पड़ी है।
स्थानीय लोगों का कहना है प्रवेशद्वार लखनपुर पर जहां से देश भर से आने वाले वाहन जम्मू में आते हैं, वहां सड़क की बदहाली आज की समस्या नहीं है। यहां निकासी का सही इंतजाम न होने के कारण जब सड़क मरम्मत की जाती है तो वह अगली ही बरसात में बेहाल हो जाती है। जिसका समाधान नहीं किया जा रहा है। सबसे अहम जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करते ही वाहनों को आगे सफर जारी रखने के टोल देना होता है। लेकिन टोल देने के बाद सड़क की दशा में सुधार नहीं हो रहा।