संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। भारी बारिश के बीच श्रीनगर से कन्याकुमारी को जोड़ने वाले नेशनल हाईवे 44 पर जगह-जगह जाम की स्थिति बनी रही। कठुआ से कूटा के बीच आधा दर्जन के लगभग वाहन हादसों का शिकार हुए। जानी नुकसान की जानकारी नहीं है। हालांकि इसकी वजह से हाईवे पर घंटों यातायात प्रभावित रहा।
दिल्ली-कटड़ा एक्सप्रेस-वे और हाईवे के विस्तारीकरण काम में ताजा डाली गई मिट्टी की परत बारिश में कीचड़ और दलदल बन गई। बरनोटी चौक से लेकन सक्ताचक के बीच तीन वाहन कच्ची मिट्टी और ताजा निर्माण में धंसने से क्षतिग्रस्त हुए। उधर, देर रात से ही भारी बारिश के बीच हाईवे पर सफर करने वाले लोगों को इसकी वजह से घंटों जाम में फंसना पड़ा। बरनोटी से लेकर सक्ताचक के बीच दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें शुक्रवार सुबह 11 बजे तक लगी हुई नजर आईं। सिंगल लेन ट्रैफिक की वजह से भी वाहन चालक परेशान नजर आए।