भारत-पाकिस्तान अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर बने हालात के खिलाफ एंटी टेररिजम फ्रंट (एटीएफ) का गुस्सा फूट पड़ा। फ्रंट के सदस्यों ने जम्मू पठानकोट नेशनल हाईवे पर हटली मोड़ के नजदीक पाकिस्तान का झंडा जलाकर जोरदार प्रदर्शन किया।
फ्रंट के सदस्यों ने कहा कि केंद्र सरकार को पाकिस्तान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। यदि सरकार ऐसा नहीं कर सकती है तो हथियारों के लाइसेंस धारकों को सीमा पर जाने की अनुमति देनी चाहिए।
प्रदर्शनकारियों की अध्यक्षता करते हुए फ्रंट के अध्यक्ष सरदार सुरिंदर सिंह ने कहा कि पाकिस्तान पिछले कुछ वर्षों से आए दिन सीमावर्ती ग्रामीणों का जीना मुहाल कर रहा है। इस दफा सारी हदें पार करते हुए पाकिस्तान ने हमले जैसी वारदात को अंजाम दिया है।
आवासीय इलाकाें में मोर्टार दाग कर कई लोगाें का जान ले ली जबकि बड़ी संख्या में ग्रामीण घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को सबसे पहले मृतकों के परिवार को 20 लाख रुपये और घायलों के परिवारों को पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद देनी चाहिए।
फ्रंट के अध्यक्ष के साथ हरजीत सिंह, जगदीप सिंह, अनिल कुमार और विवेक मेहता ने कहा कि पाकिस्तान के हौसले लगातार बढ़ रहे हैं। सरकार को चाहिए कि वह पाकिस्तान को उसी की भाषा में जवाब दें।