वर्षों से खस्ताहाल गली और जल निकासी की समस्या से जूझ रहे शहर के वार्ड नंबर सात में विधायक निधि के 11 लाख रुपये से नाले के पुनर्निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। वार्ड में स्थित नारी निकेतन से सटी गली में लोक निर्माण विभाग ने पहले से बने डीप कवर्ड ड्रेन को दुरुस्त करने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है। काम शुरू होने से लोगों ने राहत की सांस ली है।
करीब 11 लाख की लागत से शुरू होने वाले लागत के बारे में विभाग के अधिकारियों की माने तो विधायक निधि से जारी धनराशि से शुरू होने वाले निर्माण में पहले नाले के की सफाई करवाई जा रही है। ताकि उसके बहाव में आने वाली समस्या का पता लगाकर समाधान किया जाए और उसके बाद बहाव को दुरुस्त कर नाले के सभी ढक्कनों को नया लगाया जाना है। जिसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, उम्मीद है कि एक सप्ताह में इस पूरे काम को अंजाम देकर लोगों को राहत पहुंचाई जा सकेगी।
स्थानीय गुरमीत सिंह सोनू की माने तो करीब दस वर्ष पूर्व नगर परिषद द्वारा बनाए नाले का पानी कठुआ खड्ड निकालने के लिए उक्त नाले का निर्माण किया था। जिसका बहाव बेहतर न होने के कारण वह कचरे से पूरी तरह से भर गया था। वहीं समय के साथ नाले के टूटते ढक्कनों के कारण गली भी बदहाल हो गई थी। जिससे लोगों को आवागमन की समस्या तो होती ही थी, कई बार इसमें गिरकर लोग घायल भी हो चुके है।
उन्होंने बताया कि सबसे ज्यादा समस्या पानी की निकासी को लेकर थी। नाले की बहहाली के कारण साल भर यहां गंदगी का माहौल होता था। वहीं बारिश के दिनों में नाले से पानी बहने के बजाए गंदा पानी गली और लोगों के घरों तक भी पहुंच जाता था। इस समस्या की नगर परिषद से जब शिकायत की जाती थी तो वहां से सफाई कर्मचारियों की टीम को भेजा जाता था। लेकिन उनके द्वारा की जाने वाली सफाई से समस्या का पूर्ण समाधान कभी नही हुआ था।
इस बारे में विधायक कठुआ डॉ. भारत भूषण ने बताया कि चुनाव प्रचार के दौरान उन्हें स्थानीय लोगों ने समस्या से अवगत करवाया था। जिसका समाधान करने के लिए उन्होंने उक्त राशि को जारी किया है।