पंचायत चिल्ख के गांव बदोली में डीलर पर राशन के लिए अतिरिक्त वसूली का आरोप लगाया गया है। इसकी शिकायत लेकर गांव का शिष्टमंडल बुधवार को जिला सचिवालय पहुंचा। ग्रामीणों ने डीसी से भेंट कर सारी स्थिति बताई और डीलर को बदलने की मांग की।
ग्रामीणों ने कहा कि विभागीय अधिकारी से शिकायत करने के बाद भी हल नहीं खोज पाए है। परेशानी ज्यों की त्यों बनी हुई है। उन्होंने कहा कि राशन उपलब्ध कराने में डीलर मनमानी करता है। विभागीय अधिकारियों को इन समस्याओं के बारे में कई बार अवगत कराया गया, लेकिन कोई हल नहीं निकाला गया।
भाजपा के सुदेश कुमार सेठू ने कहा कि गरीबों से अधिक पैसे वसूल किए जा रहे हैं। सरकार गरीब जनता को कम दाम पर राशन उपलब्ध कराती है, लेकिन उनका हक डीलर खा रहा है। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा अधिनियम को कालाबाजारी का अड्डा न बनाया जाए।
राशन डीलर की मनमानी सहन नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि राशन डीलर को तुरंत बदला जाए। डीसी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित कदम उठाने की बात कही है। इस मौके पर दीवान सिंह, बलराम सिंह, ठाकुर सिंह, विजय कुमार शर्मा, बलबीर जसरोटिया मौजूद रहे।