नगरोटा गुजरु में चल रही क्रिकेट प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ी
- रोहट की टीम ने सुपर ओवर में रामकोट के खिलाफ दर्ज की जीत
रामकोट। तहसील के नगरोटा गुजरू में चल रही क्रिकेट प्रतियोगिता के लीग मुकाबलों में शनिवार को दो मैच खेले गए। एक मुकाबले में रामकोट भूल और दूसरे में रोहट क्रिकेट टीम ने सुपर ओवर में जीत दर्ज कर मैच अपने नाम कर लिया।
पहले मैच में रामकोट भूल क्रिकेट टीम का मुकाबला चोड़ मोटू क्रिकेट टीम से हुआ। रामकोट भूल ने मैच जीतकर प्रतियोगिता के अगले दौर में जगह बनाई। वहीं दोपहर 12 बजे शुरू हुए दूसरे मैच में रामकोट क्रिकेट टीम का मुकाबला रोहट क्रिकेट टीम से हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए रोहट क्रिकेट टीम ने निर्धारित 10 ओवरों में 50 रन का लक्ष्य दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी रामकोट टीम की शुरुआत अच्छी रही। पहले पांच ओवरों में एक विकेट के नुकसान पर टीम ने 27 रन बोर्ड पर लगा दिए।
इसके बाद रोहट क्रिकेट टीम के गेंदबाजों ने रनों पर अंकुश लगाना शुरू किया और मैच रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया। रामकोट को जीत के लिए अंतिम ओवर में छह रनों की जरूरत थी लेकिन मैच बराबरी पर खत्म हुआ। इसके बाद सुपर ओवर देखने को मिला। इसमें पहले बल्लेबाजी करते रामकोट टीम ने एक विकेट के नुकसान पर 10 रन का लक्ष्य दिया। रोहट क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर मैच अपने नाम कर लिया। वहीं, आयोजक सुनील कुमार ने बताया कि रविवार को सेमीफाइनल मुकाबले करवाए जाएंगे।