चेऊ गांव में आयोजित किए गए वार्षिक दंगल में विजेता और उपविजेता रहे पहलवानों को नकद पुरस्कार देक
मडून पंचायत के चेऊ गांव में वार्षिक दंगल का आयोजन
बिलावर। मडून पंचायत के चेऊ गांव में आयोजित किए गए वार्षिक दंगल में बग्गन इलाके के राकेश पहलवान ने डोडा जिले के आरिफ पहलवान को बड़ी माली में पटखनी देकर दंगल पर कब्जा जमा लिया। दंगल का शुभारंभ शाम 4 बजे दंगल कमेटी के सदस्यों ने संयुक्त रूप से किया।
दंगल में अलग-अलग भार वर्ग की 142 कुश्तियां हुईं। जम्मू-कश्मीर प्रदेश के पहलवानों के साथ-साथ पंजाब और हिमाचल प्रदेश के पहलवानों ने दंगल का प्रदर्शन किया और दंगल देखने पहुंचे लगभग 2000 दर्शकों ने पहलवानों की हौसला अफजाई की। छोटी माली का मुकाबला पंजाब जालंधर के तारीख पहलवान और मडून के वीर सिंह पहलवान के बीच हुआ जिसमें तारीख ने अपने प्रतिद्वंद्वी को बार्शीगौता दांव लगाकर छोटी माली अपने नाम कर ली। बड़ी माली का मुकाबला राकेश और आरिफ के बीच हुआ जिसमें राकेश ने अपने प्रतिद्वंद्वी पहलवान को सांडीतोड़ दांव लगाकर चित किया और बड़ी माली अपने नाम कर ली। दंगल कमेटी की ओर से बड़ी माली और छोटी माली के विजेता और उपविजेता रहे पहलवानों को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। दंगल स्थल के पास मेले का आयोजन भी हुआ जिसमें लगाए गए पकवानों के अलग-अलग प्रकार के स्टालों पर लोगों ने खूब खरीदारी की। इस मौके पर दंगल कमेटी के सदस्य सुरजीत सिंह, रसाल चंद, कमल चंद, रमेश चंद, जोगिंदर सिंह, गुलशन आदि मौजूद रहे।