संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिलेभर में रुक-रुक कर बारिश का दौर लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। पहाड़ों पर ज्यादा तो वहीं मैदानों में बूंदाबांदी ने पारे में भारी गिरावट लाई है। जिले में ठिठुरन बढ़ गई है। कुछ इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी दर्ज की गई है।
जिले में बारिश और सर्द हवाओं का दौर लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। बिलावर, बसोहली और बनी के दूरदराज इलाकों में बारिश से कई सड़क संपर्क आंशिक रूप से प्रभावित हुए हैं। फिसलन बढ़ने से वाहनों की आवाजाही पर असर पड़ा है। उधर, लंबे समय से चल रहा अच्छी बारिशों का इंतजार भी थम गया है। समय से पहले पकने की स्थिति में आ रही फसल और बिना पानी खराब हो रही सब्जियों की काश्त को भी संजीवनी मिली है।
बनी सब डिवीजन में सब, आलू बुखारा की अच्छी पैदावार के लिए फिलहाल तापमान में कमी बरकरार रहना जरूरी है। ऐसे में बागवान और किसान खुश नजर आ रहे हैं। बारिश के चलते कई इलाकों फॉल्ट आने का सिलसिला भी जारी रहा है। हालांकि बिजली विभाग की टीमों ने प्रभावित इलाकों में बिजली सेवा को साथ साथ ही बहाल भी कर दिया।
बनी और लोहाई मल्हार के इलाकों में लोग गर्म कपड़े पहनने और अलाव सेकने को मजबूर हो रहे हैं। लोगों को उम्मीद है कि पूर्वानुमान के मुताबिक अच्छी बारिश और बर्फबारी से पहाड़ों पर गर्मी से पहले बर्फ की मोटी परत जमेगी जिससे झरने और नदियों में पानी की अविरल धारा गर्मी के सीजन में जलसंकट से निजात दिलाएगी।
.....................
पहाड़ी सड़कों और अन्य लिंक मार्गाें पर फिसलन बढ़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलावर। बुधवार को इलाके में दिनभर रुक-रुक कर बूंदाबांदी का दौर जारी रहा। बारिश से दूरदराज के क्षेत्रों को जोड़ने वाली पहाड़ी सड़कों और अन्य लिंक मार्गाें पर फिसलन बढ़ गई जिससे मल्हार, मडून,मलाड आदि इलाकों का सड़क संपर्क उपमंडल से दिन भर कटा रहा।
लोगों को निचले इलाकों की तरफ आने जाने के लिए पैदल रास्ते चलना पड़ा जिसके कारण लोगों को परेशानियां उठानी पड़ी। मल्हार निवासी अश्विनी कुमार, संसार चंद, अब्दुल सत्तार और नेक मोहम्मद ने बताया कि उनके इलाके को जोड़ने वाली मल्हार सड़क का काम लोक निर्माण विभाग ने लगभग 20 वर्ष पहले शुरू किया था और इतने वर्ष बीत जाने के बाद भी आज तक तारकोल नहीं बिछाया गया। बारिश होने के बाद अक्सर सड़क पर फिसलन बढ़ जाती है और कई कई दिनों तक दूर दराज क्षेत्र का सड़क संपर्क निचले इलाकों से कटा रहता है ।
इस कारण दूरदराज क्षेत्र की 10000 से अधिक आबादी को परेशान होना पड़ता है। उन्होंने यह भी कहा कि देहरी गला इलाके को जोड़ने वाली 13 किलोमीटर लंबी सड़क पर भी आज तक सरकार ने तारकोल नहीं बिछाई जिसकी वजह से मडून से सटे इलाकों के लोग सड़क पर फिसलन बढ़ जाने से सड़क संपर्क से महरूम हो जाते हैं। लोगों ने मांग की कि मल्हार और देहरी गला इलाकों को जोड़ने वाली सड़कों का काम जल्द मुकम्मल किया जाए ताकि पहाड़ी क्षेत्र के लोगों का सड़क संपर्क उप मंडल मुख्यालय से हर समय बना रहे। कोट.....
लगातार बारिश का दौर जारी रहने से दूरदराज इलाके को जोड़ने वाली सड़कों पर फिसलन बढ़ गई है जिसकी वजह से यातायात प्रभावित है। मौसम साफ होते ही इन दोनों सड़कों पर यातायात बहाल कर दिया जाएगा।
-अब्दुल रजाक, कनिष्ठ अभियंता, लोक निर्माण विभाग