पिछले छह माह से राशन किल्लत से परेशान वार्ड 15 के लोगों को जब एक महीने का राशन मिला तो बुधवार को जिला सचिवालय पहुंच कर जमकर हंगामा किया। गुस्साए लोगों ने राशन डीलर पर लोगों की परेशानियां बढ़ाने का आरोप लगाया। उपभोक्ता मामले एवं जनवितरण विभाग के खिलाफ लोगों ने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों में शामिल सोमा देवी, जुगल किशोर, नीलम देवी, सत्या देवी आदि ने कहा कि पिछले छह महीने से लोगों को राशन नहीं दिया गया है। अब जबकि राशन उपलब्ध है, तो भी राशन डीलर महज एक माह का ही राशन दे रहा है। उन्होंने कहा कि विभाग ने एनएफएसए के तहत दो महीनों का राशन एक साथ देने का आदेश दिया था, लेकिन फिर भी राशन डीलर एक महीने का ही राशन दे रहे हैं।
उन्होंने बताया कि वार्ड में दो राशन डिपो हैं, लेकिन लोगों को एक महीने का राशन देकर टाला जा रहा है। राशन नहीं मिलना गरीबों के लिए कितनी बड़ी परेशानी है इस बात को समझा जाना चाहिए। गरीब लोग इतनी महंगाई में बाजार से राशन नहीं खरीद पाते हैं। ऐसे में अब जब राशन मिलने लगा है तो वह भी एक महीने का राशन दिया जा रहा है जो स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाए।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि विभाग नियमित रूप से राशन सप्लाई न करके लोगों की परेशानियां बढ़ा रहा है। ऐसे में प्रशासन को चाहिए कि इस मामले को गंभीरता से लिया जाए और उचित निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को जारी करे। बाद में प्रदर्शनकारियों ने उपभोक्ता मामले एवं जनवितरण विभाग के सहायक निदेशक समेत तहसील सप्लाई अधिकारी से भेंट कर समस्याएं सुनाईं। जिन्होंने राशन डीलर को मौके पर बुलाकर राशन उपलब्ध करवाने का निर्देश देकर लोगों को शांत करवाया।