बुद्धि से ठनून को जोड़ने वाले मार्ग की खस्ता हालत पर स्थानीय लोगों ने मंगलवार को प्रदर्शन किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग पर लापरवाही और लोगों की दिक्कतों को बढ़ाने का आरोप लगाया।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे सोमनाथ ने बताया कि रामकोट से कठुआ को जोड़ने वाला यह पुराना मार्ग है, लेकिन समय के साथ इसकी दुर्दशा होती गई। कई बार मांग किए जाने के बाद तीन साल पहले इस पर मिट्टी से फिलिंग कर दी गई। बारिश होने पर इस पर दलदल बन गया। लोगों को लाठियों के सहारे सड़क से गुजरने को मजबूर होना पड़ता था। पानी निकासी के लिए प्रबंध किए जाने की बारी आई तो दो बड़े नालों का पानी यहां के नाले में डाल दिया गया जिससे कारण्ा लोगों की परेशानियां और बढ़ गईं।
हालत यह है कि दो बार बारिश में ही सड़क पर गड्डे बन गए हैं जो हादसों को न्योता दे रहे हैं। ग्रामीणों ने कहा कि विधायक ने गली के निर्माण के लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए थे, लेकिन न तो ब्लैकटापिंग की गई और न ही समस्या का हल हुआ।
अब तीन सौ मीटर के एक हिस्से पर विभाग तारकोल बिछाने की बात करता है, लेकिन तारकोल इस पर टिक नहीं सकेगा। उन्होंने मांग की इस मार्ग पर काम जल्द शुरू किया जाना चाहिए। प्रदर्शन में अनीता शर्मा, विमला देवी, सविता शर्मा, साहिल शर्मा, नितिन आदि शामिल रहे।