कठुआ। वार्ड-13 और 14 के लोगों ने नगर परिषद के खिलाफ अधूरे स्पीड ब्रेकर को लेकर प्रदर्शन किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आधी सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाने से वाहनों की गति सीमित होने के बजाय दुर्घटनाओं में इजाफा हो रहा है।
इकबाल सिंह के अनुसार हटली मोड़ और जराई चौक के बीच हाल ही में स्पीड ब्रेकर बनाए गए। शास्त्री नगर की ओर मुड़ने वाली सड़क पर कोई स्पीड ब्रेकर नहीं बनाया गया तो दूसरी तरफ आधी सड़क पर स्पीड ब्रेकर बना दिया गया जिस कारण हादसे हो रही हैं। इसके अलावा सड़क किनारे रखा कूड़ेदान भी दुर्घटना का कारण बन रहा है। उनकी मांग है कि कूड़ेदान को किसी सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए।
गोविंदसर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मनरेगा बचाओ के लिए किया प्रदर्शन
कठुआ। मनरेगा बचाओ संग्राम और हमारी रियासत, हमारा हक अभियान के तहत सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद कर रही कांग्रेस अब जिला और ब्लॉक स्तर से आगे बढ़कर गांवों तक पहुंच रही है। सोमवार को पंचायत गोविंदसर में कार्यक्रम करवाया गया। इसमें लोगों को अधिकारों की रक्षा और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए अभियान की जानकारी दी गई, साथ ही प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन का नेतृत्व वरिष्ठ नेता एवं जिला एससी मोर्चा अध्यक्ष योगराज ने किया। उनके साथ गुरदेव सिंह सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने मनरेगा में आ रही कठिनाइयों और कथित अनियमितताओं पर चिंता जताते हुए योजना को बचाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि मनरेगा ग्रामीणों के लिए रोजगार और विकास का सबसे बड़ा साधन है, लेकिन सरकार की उदासीनता और योजनाओं के कमजोर क्रियान्वयन से इसका लाभ जमीनी स्तर तक नहीं पहुंच रहा।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांग की कि मनरेगा को मजबूत करने के साथ पारदर्शिता सुनिश्चित करते हुए ग्रामीणों को समय पर मजदूरी उपलब्ध कराई जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।