हीरानगर। किसान संयुक्त मोर्चा की ओर से महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन के आह्वान पर वीरवार को सामाजिक इंसाफ मंच के बैनर तले किसानों ने सीमावर्ती गांव हरिपुर में प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कुछ मिनट के लिए गाड़ियों के हॉर्न बजाए और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में विशेष तौर पर शामिल मंच के संयोजक आईडी खजूरिया ने कहा कि महंगाई इस कदर बढ़ गई है कि भूखे सोने की नौबत आ चुकी है। पेट्रोल, डीजल, खाने का तेल, दालें, दवाइयां सब की कीमतें आसमान छू रही हैं। पहले ही लोग कोरोना की मार झेल रहे हैं। ऊपर से इस महंगाई ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। केंद्र सरकार देश के गरीब लोगों की पीड़ा को नहीं समझती। और, जो कोई गरीबों के हक के लिए लड़ता है उसे तानाशाही दिखाई जाती है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में किसान पिछले कई महीनों से अपने हक के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार अपने अड़ियल रवैए से पीछे नहीं हट रही। संघर्ष में चार सौ से अधिक किसान अपनी जान दे चुके हैं। फिर भी सरकार काले कानूनों को वापस लेने को तैयार नहीं हो रही। सरकार हर मोर्चे पर विफल हो चुकी है। इसी दौरान उन्होंने जम्मू कश्मीर को राज्य का दर्जा देने की मांग भी की। प्रदर्शन में पंच सुरेश कुमार, चौधरी स्वर्ण सिंह, श्याम लाल, मुकंद लाल, आदि भी शामिल रहे।