कठुआ। राष्ट्रीय राजमार्ग पर बरवाल मोड़ के पास एक मोटरसाइकिल सवार की पैदल जा रही एक महिला और उसके नौ वर्षीय बेटे के साथ टक्कर हो गई। इस घटना में दोनों ही मां बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जीएमसी में भर्ती कराया गया है। घायलों की पहचान बीसू देवी पत्नी विभीषण सिंह और उसका बेटा देवेंद्र सिंह निवासी बरवाल के रूप में हुई है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------------------------------------------
शराब की 98 बोतलों सहित आरोपी गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। नगरी पुलिस की डिस्ट्रिक्ट स्पेशल ब्रांच की टीम के साथ की गई कार्रवाई में एक व्यक्ति को शराब की 180 मिलीलीटर वाली 98 बोतलों के साथ गिरफ्तार किया है। व्यक्ति की पहचान तरसेम लाल निवासी वार्ड 7 कठुआ के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक व्यक्ति अवैध रूप से शराब को बेचने के लिए ले जा रहा था। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने नगरी के राधा स्वामी सत्संग भवन के पास जांच के लिए उसकी स्कूटी को रोका, और तलाशी के दौरान अवैध रूप से ले जाई जा रही शराब की बोतलें बरामद कीं। इसके बाद उसके खिलाफ मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई की जा रही है।
-----------------------------
अज्ञात जहरीला पदार्थ खाने से मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। गत बुधवार की रात बिलावर के अगली धार क्षेत्र में एक 31 वर्षीय युवक ने संदिग्ध अवस्था में जहरीला पदार्थ खा लिया। युवक की बिगड़ती हालत को देखते हुए परिजनों ने आनन-फानन उसे जीएमसी पहुंचाया। लेकिन, इससे पहले उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------------------------------
विवाद में 50 वर्षीय व्यक्ति घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। राष्ट्रीय राजमार्ग पर दलोटी मोड़ के पास स्थित एक ढाबे पर दो लोगों ने एक 50 वर्षीय व्यक्ति पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। बुधवार देर रात हुई इस घटना के बाद हमलावर वहां से फरार हो गए। घायल के परिजनों ने उसे जीएमसी में भर्ती कराया है, जहां उसका उपचार जारी है। घायल नरेश खजूरिया पुत्र बनारसी दास निवासी हमीरपुर ने बताया कि हमलावरों वीरेंद्र शर्मा पुत्र रामकिशन और पंकज शर्मा पुत्र भगवान दास ने उसे किसी पुराने विवाद के मामले में हुई बहस पर बुरी तरह से पीट दिया। इस संबंध में उसने राजबाग थाने में हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।