हीरानगर क्षेत्र में शनिवार को हुई मारपीट की घटना में घायल हुए युवक ने हीरानगर पुलिस पर हमलावरों का साथ देने का आरोप लगाया है। मंगलवार को परिजनों के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचे घायल ने पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए एसएसपी से इंसाफ की गुहार लगाई है। घायल बादल ने बताया कि गत शनिवार को वह अपने गांव हरिया चक से दियालाचक रहने वाले मित्र के घर गया हुआ था। वहां से लौटते समय रास्ते में उसे 10-12 युवक मिले, जिन्होंने अपने चेहरे ढके हुए थे।
पहले तो वह आगे निकल गए, लेकिन फिर वापस आए और उन सभी ने उसे हाकी स्टिक से पीटना शुरू कर दिया। इसमें उसकी एक बाजू टूट गई और शरीर पर भी कई स्थानों पर गंभीर चोटें आई। इसकी सूचना उन्होंने हीरानगर पुलिस को दी और खुद अस्पताल में भर्ती हुआ था। चार दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने अभी तक इस मामले में किसी को भी गिरफ्तार नहीं किया है, जबकि उन्होंने हमलावरों के नाम भी पुलिस को दिए थे। उन्होंने हीरानगर पुलिस पर हमलावरों का साथ देने आरोप लगाया है।