लखनपुर में प्रवेश पर लगी पाबंदियों का पीपुल्स युनाइटेड फ्रंट ने कड़ा विरोध किया है। वीरवार को फ्रंट के सदस्यों ने डीसी कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। इस दौरान लखनपुर में स्थापित कॉरिडोर को हटाने और अंतरराज्यीय परिवहन को शुरू करने की मांग की। फ्रंट ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो वह प्रभावितों को साथ लेकर लखनपुर कूच करने के लिए मजबूर हो जाएंगे।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे अमरीश जसरोटिया ने कहा कि लखनपुर में आवाजाही को रोक कर प्रशासन द्वारा लोगों को परेशान किया जा रहा है। कोरोना के नाम पर लगाई गई पाबंदियों के कारण आम लोगों को दूसरे राज्य में आवाजाही करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पूरे देश के अंदर सभी राज्यों में आवाजाही को लेकर केंद्र सरकार ने दिशा निर्देश दिए हैं।
जम्मू-कश्मीर अकेला ऐसा राज्य है, जहां इसका पालन नहीं हो रहा है। अब वैक्सीन भी आ गई है। लेकिन पाबंदियों को हटाया नहीं जा रहा है। प्रदर्शनकारियों में शामिल महिला कार्यकर्ता जीवन ज्योति ने कहा कि एक तरफ प्रशासन रैलियों के लिए और मेले लगाने की अनुमति दे रहा है, दूसरी तरफ गरीब लोगों को प्रताड़ित करने के लिए लखनपुर में पाबंदियां लगा रहा है। स्कूलों को खोल दिया गया है। इसके बावजूद कॉरीडोर में व्यवस्था के लिए शिक्षकों को तैनात कर रहा है। अगर प्रशासन के पास कर्मचारियों का अभाव है तो उसे ऐसी व्यवस्था को जारी करने का क्या अर्थ है। प्रदर्शनकारियों में मनिंदर सिंह सौरव, शुभम, साहिल गुलेरिया, अंकुश सिंह, अमित अन्य शामिल थे।