जिले में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। सक्ताचक से एक ही परिवार के चार लोगों के संक्रमित पाए गए जाने के बाद वीरवार को उनके एक और रिश्तेदार को संक्रमित पाया गया है। वीरवार को डिग्री कॉलेज की एक छात्रा भी पॉजीटिव पाई गई। इसके अलावा बसोहली के पलासी क्षेत्र से एक व्यक्ति के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। दो लोग स्वस्थ भी हुए हैं। उधर मामला सामने आने के बाद सक्ताचक गांव को हॉटस्पॉट घोषित कर दिया गया है।
शिक्षण संस्थानों में भी कोरोना का खतरा बढ़ गया है। बुधवार को जहां सक्ताचक निवासी और कठुआ के एक निजी स्कूल में पढ़ने वाले भाई-बहन को संक्रमित पाया गया था, वहीं वीरवार को राजकीय डिग्री कॉलेज कठुआ की छात्रा को संक्रमित पाया गया है। इससे स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। आनन-फानन में डिग्री कॉलेज कठुआ से वीरवार को तीस स्टाफ और छात्रों के सैंपल भरे गए हैं जो छात्रा के संपर्क में आए थे। जिले में वर्तमान में 6 लोग संक्रमित हैं। इनमें से एक जीएमसी के आइसोलेशन वार्ड में आक्सीजन स्पोर्ट पर हैं।
संक्रमण फैलने से रोकने के लिए अधिकारी नियुक्त
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कठुआ के चेयरमैन ओम प्रकाश ने सक्ताचक गांव और आसपास के 500 मीटर के दायरे को हॉटस्पॉट घोषित कर दिया है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य ब्लॉक परोल के गांव सक्ताचक के पांच संक्रमित सामने आ चुके हैं। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए अधिकारियों को नियुक्त कर दिया गया है।
संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों के भरे जा रहे सैंपल
सीएमओ कठुआ डॉ अशोक चौधरी ने बताया कि संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। सक्ताचक से अबतक पांच लोगों को संक्रमित पाया गया है। जिनके संपर्क में आए लोगों के सैंपल भी भरे जा रहे हैं।
वीरवार को स्वास्थ्य संस्थानों में 955 लोगों का टीकाकरण
कोरोना टीकाकरण के तीसरे चरण में वीरवार को जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में 955 लोगों को कोरोना से बचाव की डोज दी गई है। वहीं इस चरण में किए जा रहे टीकाकरण में अबतक जिले में 1366 लोगों को डोज लगाई जा चुकी है। सीएमओ कठुआ डॉ अशोक चौधरी ने बताया कि जिले में
फ्रंट लाइन वर्करों, स्वास्थ्य कर्मियों के साथ साथ 11236 लोगों का टीकाकरण हो चुका है।