बढ़ती महंगाई पर बुधवार को राष्ट्रीय जनता दल(राजद) के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान शहर के अंबेडकर चौक पर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने डीजल-पेट्रोल और घरेलू गैस की कीमतों में हुई बढ़ोतरी को वापस लेने की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे राजद नेता एसके भंडारी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सबका साथ सबका विकास के नारे वाली केंद्र की भाजपा सरकार अब केवल पूंजीपतियों की सरकार बन कर रह गई है। उसे गरीब तबके की कोई परवाह नहीं है।
उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के चलते पहले से सभी की आर्थिक स्थिति खराब थी। इससे जनमानस संभल भी नहीं पाया था कि केन्द्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल और गैस की कीमतों को बढ़ाने का काम करना शुरू कर दिया। घरेलू आवश्यक वस्तुओं की कीमतें भी आसमान छू रही हैं। इससे गरीबों का गुजारा भी मुश्किल हो गया है।
प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस नेता परमजीत सिंह पम्मा ने कहा कि सरकार अपने घाटे को पूरा करने के लिए आम लोगों के इस्तेमाल की चीजों के दाम तो बढ़ा रही है, लेकिन पूंजीपतियों पर कोई बोझ नहीं डाला जा रहा है। इससे साफ है कि सरकार आम लोगों के बजाए केवल पूंजीपतियों की सरकार है और उसका नारा सबका साथ सबका विकास पूरी तरह से जुमला है।